Sonbhadra news : पटिहवा में संपर्क मार्ग और पुलिया की मांग, ग्रामीणों ने बहते पानी में खड़े होकर किया प्रदर्शन
पटिहवा टोले में संपर्क मार्ग और पुलिया का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

sonbhadra
5:45 PM, August 17, 2026
एम. शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के पटिहवा टोले में संपर्क मार्ग और पुलिया का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों को बरसात के दिनों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को बहते नाले के पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी का ध्यान समस्या की ओर आकृष्ट कराया।
ग्रामीणों के अनुसार पटिहवा टोले को गुरमुरा-अबाड़ी मार्ग से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग लंबे समय से निर्माण की प्रतीक्षा में है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक दशक से सड़क और पुलिया निर्माण की मांग को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। पूर्व में अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच भी की थी, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
बारिश के दौरान नाले में पानी का बहाव बढ़ जाने से पटिहवा के करीब 100 परिवारों के आवागमन में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग बाधित होने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। टोले में डेढ़ सौ से अधिक छोटे-बड़े बच्चे हैं, जिन्हें बरसात के समय स्कूल जाने में परेशानी उठानी पड़ती है।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के साथ पुलिया अथवा उपयुक्त छलका निर्माण कराए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर वे आगे भी अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।




