Sonbhadra news : छह दिन से लापता व्यक्ति का जंगल में मिला सड़ा-गला शव, इलाके में मची सनसनी
सुकृत गांव के चहलवा जंगल में सोमवार को एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
6:27 PM, September 21, 2026
जय नाथ मौर्या/मुमताज खान (संवाददाता)
मधुपुर। सुकृत गांव के चहलवा जंगल में सोमवार को एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में चरवाही करने गए लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल सुकृत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
कपड़ों के आधार पर मृतक की पहचान डब्लू (45) पुत्र सरन, निवासी सुकृत, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि डब्लू करीब छह दिन पूर्व पत्नी से विवाद के बाद घर से निकल गया था। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव जंगल के सुनसान इलाके में मिला है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि विवाद के बाद वह जंगल की ओर चला गया होगा और संभवतः किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से उसकी मौत हुई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कई दिनों तक शव जंगल में पड़े रहने के कारण वह सड़-गल गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।




