Sonbhadra News : घोरावल में बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, बिस्तर पर मिला शव
दोनों के मुताबिक, घर में खाना बनाने वाली दाई को भी शाम करीब पांच बजे फोन कर उस दिन खाना बनाने के लिए नहीं आने को कहा गया था।

sonbhadra
12:24 PM, October 3, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
० फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घोरावल (सोनभद्र) । घोरावल में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह डायल-112 पर आकाश भारद्वाज पुत्र ओमप्रकाश भारद्वाज, निवासी रघुनाथपुर थाना कपसेठी, वाराणसी, हाल निवासी कस्बा घोरावल, ने सूचना दी कि उनके पिता ओमप्रकाश भारद्वाज उम्र करीब 62 वर्ष, वार्ड नंबर-04 स्थित सोनांचल स्कूल परिसर में ऊपर स्थित एक कमरे में रहते थे।
मृतक के पुत्र आकाश और विकास ने बताया कि उनके पिता ने एक दिन पहले शाम को दोनों भाइयों को बिसुंधरी मंदिर जाने के लिए भेज दिया था और सुबह करीब पांच बजे वापस आने के लिए कहा था। दोनों के मुताबिक, घर में खाना बनाने वाली दाई को भी शाम करीब पांच बजे फोन कर उस दिन खाना बनाने के लिए नहीं आने को कहा गया था।
शनिवार सुबह जब दोनों बेटे वापस घर पहुंचे तो उन्होंने अपने पिता को कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई।
सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक निरीक्षण कराया गया।
मृतक के पुत्र विकास की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




