Sonbhadra News : दो दिन से लापता युवक का पुलिया के नीचे मिला शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
पुलिस चौकी क्षेत्र के डाला बारी से कजरहट को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर स्थित गोरादह के पास पुलिया के नीचे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
9:42 AM, June 12, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के डाला बारी से कजरहट को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर स्थित गोरादह के पास पुलिया के नीचे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है।
मृतक की पहचान डाला बारी स्थित वैष्णो मंदिर के पीछे निवासी रवि धयिकार (लगभग 30 वर्ष), पुत्र राम गरीब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे थे, जिसके बाद परिवार के लोग उनकी तलाश में जुटे हुए थे।
बताया जा रहा है कि इलाके में गाय चराने गए एक चरवाहे को गोरादह स्थित पुलिया के पास दुर्गंध महसूस हुई। जब उसने नीचे जाकर देखा तो वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पाकर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद डायल 112 और डाला पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तथा डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




