रेणुकूट (सोनभद्र) । स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत खाड़पाथर के जंगल में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विवेकानंद कॉलोनी, रेणुकूट निवासी शुभम सिंह (29 वर्ष), पुत्र अवधेश सिंह के रूप में हुई है, जो हिंडाल्को में ठेके पर हाइड्रा ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, शुभम गुरुवार शाम ड्यूटी से लौटकर 7 बजे घर आया था। कुछ देर आराम करने के बाद रात करीब 9:30 बजे उसने घरवालों से कहा कि वह मुर्धवा मोड़ की तरफ टहलने जा रहा है। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया तो घर वालों ने उसे फोन किया लेकिन उसने उत्तर नहीं दिया। हालांकि, परिजन ज्यादा चिंतित नहीं हुए क्योंकि शुभम अक्सर अपने दोस्तों या रिश्तेदारों के यहां रात में रुक जाया करता था।शुक्रवार सुबह खाड़पाथर के जंगल में स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटकता शव देखा और इसकी सूचना शुभम के परिवार तक पहुंचाई। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हिंडाल्को स्थित मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक के पिता अवधेश सिंह ने आरोप लगाया है कि शुभम की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि एक साजिशन हत्या है। उनके अनुसार शव पर कई चोटों के निशान थे और जीभ कटी हुई थी, जिससे संदेह और गहरा हो गया है।परिवार वालों का कहना है कि शुभम हथवानी निवासी एक युवती से बात करता था, इस हत्या में उसका कोई न कोई हाथ हो सकता है। कुछ महीने पहले कुछ अज्ञात लोगों ने मुर्धवा मोड़ स्थित एक मोबाइल दुकान के पास उसकी मां को धमकाया था और कहा था – "अपने बेटे को समझा लो, नहीं तो जान से हाथ धो बैठेगा।"पुलिस ने तहरीर पाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।