Sonbhadra News : संदिग्ध परिस्थितियों में दुपट्टे के सहारे फंदे पर झूलती मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
कोन थाना क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है....

एनिमेटेड फोटो.....
sonbhadra
6:02 PM, April 29, 2026
पी0के0 विश्वकर्मा (संवाददाता)
कोन । कोन थाना क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुडवा के तुमिया गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 31 वर्षीय महिला का शव उसके ही घर में दुपट्टे के सहारे बडेर से झूलता हुआ मिला। मृतका की पहचान आरती देवी पत्नी प्रदीप कुमार गिरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरती देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर पर ही रहती थी, जबकि उसका पति प्रदीप कुमार गिरी रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहता है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह ही उसकी अपने पति से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके कुछ समय बाद ही यह घटना सामने आई। मृतका के दो मासूम बच्चे 3 वर्षीय पुत्र कृष्णा और 6 माह की पुत्री अनुष्का अब मां के साए से वंचित हो गए हैं, जिससे गांव में शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि "प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।"



