Sonbhadra News : यूपी बोर्ड रिजल्ट में बेटियों का जलवा, इंटर में आकृति तो हाईस्कूल में सिंधु ने मारी बाजी
यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम ने इस बार सोनभद्र में प्रतिभा की ऐसी चमक बिखेरी कि हर ओर मेधावियों की चर्चा होने लगी। खास बात यह रही कि बेटियों ने एक बार फिर परचम लहराते हुए इंटरमीडिएट और हाईस्कूल.......

sonbhadra
9:46 PM, April 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम ने इस बार सोनभद्र में प्रतिभा की ऐसी चमक बिखेरी कि हर ओर मेधावियों की चर्चा होने लगी। खास बात यह रही कि बेटियों ने एक बार फिर परचम लहराते हुए इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों में शीर्ष स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर वे हर मुकाम हासिल करने में अग्रणी हैं।
इंटरमीडिएट में जहां आकृति सिंह ने 90.60% अंक प्राप्त कर जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया, वहीं हाईस्कूल में सिंधु बैस ने 95.16% अंक लाकर जनपद में पहला स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया।
चोपन स्थित गुरुद्वारा इंटरमीडिएट कॉलेज की छात्रा आकृति सिंह ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 500 में से 453 अंक हासिल कर जिले में विज्ञान वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और बधाइयों का सिलसिला लगातार जारी है। आकृति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता अजय कुमार सिंह व अंजू देवी तथा शिक्षकों को दिया। विद्यालय परिवार ने भी उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन की सराहना की।
इंटरमीडिएट की मेरिट सूची में हरिओम तिवारी ने 90.20% अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि कुषाण कनौजिया और संध्या कुमारी ने 89.50% अंक हासिल कर जिले में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
वहीं हाईस्कूल परिणाम में घोरावल स्थित सोनांचल इंटर कॉलेज की छात्रा सिंधु बैस ने 600 में से 571 अंक (95.16%) प्राप्त कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस सफलता से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। सिंधु ने भी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया।
हाईस्कूल की मेरिट सूची में एसवीएम इंटर कॉलेज, खड़िया योगीचौरा की छात्रा अनुप्रिया कुशवाहा ने 94.67% अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि खुशी ने 94.33% अंक के साथ शीर्ष सूची में जगह बनाई। इसके अलावा अन्य मेधावियों ने भी 94% और 93.50% अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
"बेटियों की इस शानदार सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर वे हर क्षेत्र में नया इतिहास रच सकती हैं। इन होनहार छात्रों की उपलब्धि से पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है, साथ ही यह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी।"




