Sonbhadra News : बढ़ती गर्मी के साथ बढ़ा आगजनी का खतरा, अलर्ट मोड में अग्निशमन विभाग
जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच संभावित आगजनी की घटनाओं को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मार्च महीने से अब तक जनपद में आग लगने की 83 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे.......

सीएफओ श्रीराम साहनी........
sonbhadra
9:47 PM, April 9, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• मार्च से अब तक 83 आगजनी की घटनाएं
सोनभद्र । जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच संभावित आगजनी की घटनाओं को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मार्च महीने से अब तक जनपद में आग लगने की 83 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे विभाग की चिंता बढ़ गई है। आग से होने वाले नुकसान को कम करने और समय पर राहत पहुंचाने के लिए विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
इस संबंध में मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने जनपद न्यूज Live से खास बातचीत में बताया कि "गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए विभाग ने पहले से ही सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए जिले में संसाधनों और टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।"
सीएफओ श्रीराम साहनी ने बताया कि "दुद्धी क्षेत्र की भौगोलिक दूरी को देखते हुए वहां एक सीजनल फायर स्टेशन स्थापित किया गया है। दुद्धी जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित है, ऐसे में वहां आग लगने की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विभाग द्वारा 152 अग्नि सचेतकों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर ही उसे नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित अग्नि सचेतक गांवों में लोगों को जागरूक भी करेंगे और जरूरत पड़ने पर राहत कार्य में सहयोग भी देंगे।"
सीएफओ ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की कटाई के बाद बची पराली या सूखी घास में आग लगने की घटनाएं अधिक सामने आती हैं। इसके अलावा शॉर्ट सर्किट, लापरवाही से जलती हुई बीड़ी-सिगरेट फेंकने और कूड़ा जलाने से भी आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।




