Sonbhadra News : चक्रवाती आंधी-तूफान ने मचाई तबाही, स्कूल की बाउंड्री गिरी
तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के चलते लोग संभल पाते उससे पहले ही कई स्थानों पर टीन शेड, झुग्गी-झोपड़ियां एवं पेड़ हवा में उड़ गए।

sonbhadra
5:46 PM, May 14, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । बुधवार की सायंकाल अचानक मौसम ने करवट ली और तेज चक्रवाती आंधी-तूफान ने नगर क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के चलते लोग संभल पाते उससे पहले ही कई स्थानों पर टीन शेड, झुग्गी-झोपड़ियां एवं पेड़ हवा में उड़ गए। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि नगर स्थित रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज की बाउंड्रीवाल भी भरभराकर गिर गई। जिससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं कई जगह बिजली के पोल एवं तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते नगर के अधिकांश क्षेत्रों में पूरी रात विद्युत आपूर्ति बाधित रही। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
तूफान थमने के बाद विद्युत विभाग की टीम देर रात तक बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटी रही। विद्युत कर्मियों ने क्षतिग्रस्त तारों और पोलों को ठीक कर कई इलाकों में देर रात आपूर्ति चालू करा दी, जबकि कुछ क्षेत्रों में गुरुवार सुबह तक मरम्मत कार्य चलता रहा।




