Sonbhadra News : चारधाम यात्रा में साइबर ठग सक्रिय, सोनभद्र पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए सोनभद्र पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल आरक्षण और ट्रैवल...

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:56 PM, May 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• हेलीकॉप्टर बुकिंग से होटल रिजर्वेशन तक ठगी का खतरा
• एसपी बोले- केवल अधिकृत वेबसाइट पर ही करें भरोसा
सोनभद्र । उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ रही साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए सोनभद्र पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने हेलीकॉप्टर बुकिंग, होटल आरक्षण और ट्रैवल सेवाओं के नाम पर हो रही ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की अपील करते हुए यात्रियों को केवल अधिकृत वेबसाइट और आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करने की सलाह दी है।
सोनभद्र पुलिस द्वारा जारी जागरूकता बैनर में बताया गया है कि चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट https://heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से ही करें। इसके अलावा किसी भी अनजान लिंक, फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया विज्ञापन पर भरोसा न करने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधी श्रद्धालुओं को सस्ते पैकेज, जल्दी बुकिंग और विशेष छूट का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि "चारधाम यात्रा के दौरान साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोग केवल अधिकृत वेबसाइट और सत्यापित प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही बुकिंग करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे फर्जी लिंक एवं विज्ञापनों से बचें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी लोगों को बड़ी आर्थिक ठगी से बचा सकती है। एसपी ने कहा कि होटल, ट्रैवल और हेलीकॉप्टर बुकिंग के दौरान केवल अधिकृत एजेंटों से ही संपर्क करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। इसके साथ ही केवल आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91-8394833833 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है, जहां 'Yatra' संदेश भेजकर पंजीकरण और यात्रा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है।"
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि "यदि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका हो तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या फिर राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत करें।"




