Sonbhadra News: ओबरा पुलिस की साइबर टीम ने ठगी के शिकार तीन पीड़ितों को लौटाए 3.33 लाख रुपये
थाना ओबरा पुलिस की साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में साइबर ठगी के शिकार हुए पीड़ितों की कुल 3,33,210 रुपये की धनराशि उनके मूल बैंक खातों में वापस कराई।

sonbhadra
7:07 PM, February 18, 2026
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ओबरा पुलिस की साइबर टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने तीन अलग-अलग मामलों में साइबर ठगी के शिकार हुए पीड़ितों की कुल 3,33,210 रुपये की धनराशि उनके मूल बैंक खातों में वापस कराई।
पहले मामले में खैरटिया बिल्ली मारकुण्डी निवासी गोविन्द कृष्ण सिंह को शेयर मार्केट में अधिक लाभ का लालच देकर ठगों ने फर्जी निवेश के नाम पर 2,44,095 रुपये ट्रांसफर करा लिए थे।
दूसरे मामले में ओबरा मार्केट निवासी नितिन विश्वकर्मा को क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर लिंक भेजकर कार्ड की जानकारी और OTP हासिल कर लिया गया, जिससे 87,794 रुपये की अनधिकृत ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई।
तीसरे मामले में बिल्ली मारकुण्डी निवासी अजय कुमार वर्मा से वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर 1,321 रुपये की ठगी की गई।
तीनों पीड़ितों ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय के नेतृत्व में थाना ओबरा की साइबर टीम ने NCRP पोर्टल पर कार्रवाई करते हुए संबंधित खातों को होल्ड कराया और बैंक से समन्वय कर पूरी राशि पीड़ितों के खातों में वापस कराई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ितों ने थाना ओबरा पुलिस की साइबर टीम की सराहना की है।
अपील: साइबर ठगी की घटना होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।




