Sonbhadra News : सोनभद्र में CSC ID के दुरुपयोग से लाखों की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा, दो गिरफ्तार
अभियुक्तों द्वारा साइबर अपराधियों के साथ मिलकर अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए उनके नाम से नई CSC ID बनवाई जाती थी। इन ID का सत्यापन कराकर उन्हें एक्टिवेट किया जाता था

sonbhadra
3:51 PM, November 12, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
० Inactive CSC ID को एक्टिव कराने के नाम पर संचालकों से लेते थे यूजर आईडी-पासवर्ड,
० साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे फर्जी ID
चुर्क (सोनभद्र) । साइबर क्राइम पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए CSC ID के दुरुपयोग के माध्यम से लाखों रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले का सफल अनावरण किया है। मु0अ0सं0 13/2026, धारा 318(4) एवं 66(D) से संबंधित इस प्रकरण में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर साइबर धोखाधड़ी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक पल्सर दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि जनसेवा केन्द्रों से संबंधित कार्यों में संविदा पर नियुक्त अभियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय जनपद में संचालित जनसेवा केन्द्रों की Inactive CSC ID को पुनः एक्टिव कराने के नाम पर संचालकों से उनकी यूजर आईडी एवं पासवर्ड प्राप्त करता था। इसके बाद पासवर्ड बदलकर उक्त CSC ID साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दी जाती थी, जिनका इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाता था।
इसके अतिरिक्त अभियुक्तों द्वारा साइबर अपराधियों के साथ मिलकर अन्य व्यक्तियों के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए उनके नाम से नई CSC ID बनवाई जाती थी। इन ID का सत्यापन कराकर उन्हें एक्टिवेट किया जाता था तथा साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया जाता था। इस प्रकार फर्जी तरीके से तैयार CSC ID और अन्य जनसेवा केन्द्रों की ID के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
जांच में कई जनसेवा केन्द्रों के नाम आए सामने
जांच के दौरान कई पीड़ित व्यक्तियों एवं जनसेवा केन्द्रों के नाम प्रकाश में आए हैं। इनमें विशाल पटेल पुत्र अवधेश पटेल निवासी सुकृत, थाना रॉबर्ट्सगंज, जनपद सोनभद्र शामिल हैं। विशाल पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केन्द्र पर अपने दस्तावेज उपलब्ध कराए थे, जिनका दुरुपयोग कर CSC ID बनाई गई तथा अभियुक्तों द्वारा उसका सत्यापन कराया गया। संबंधित स्थान पर पूर्व से ही ओम कम्प्यूटर, सुकृत स्थापित था।
इसी क्रम में सुशील कुमार नामक छात्र के नाम पर CSC ID बनाकर उसका साइबर धोखाधड़ी में दुरुपयोग किया गया। वहीं रमेश कुमार गुर्जर पुत्र भोला प्रसाद निवासी कन्हरा, थाना ओबरा तथा सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के जनसेवा केन्द्रों के माध्यम से भी ऑपरेटर ID बनाकर साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया गया।
प्रकरण में जिला समन्वयक की भूमिका एवं धोखाधड़ी में संलिप्तता के संबंध में पूछताछ हेतु बुलाए जाने पर संबंधित पीड़ित थाने पर उपस्थित हुए थे। इस दौरान पीड़ित विशाल पटेल ने पुलिस को बताया कि CSC ID के गलत सत्यापन एवं आपराधिक गतिविधियों में उसके दुरुपयोग के कारण गुजरात पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें जमानत करानी पड़ी थी।
पीड़ित द्वारा अपनी आपबीती पुलिस अधीक्षक के समक्ष बताए जाने पर प्रकरण में कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र ने साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर दोनों अभियुक्तों को पूछताछ के लिए साइबर थाने पर बुलाया। पूछताछ के दौरान दोनों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
- आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय, निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर।
- अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड, निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी।
साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क का हुआ पर्दाफाश
साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र की इस कार्रवाई से CSC ID के दुरुपयोग के माध्यम से संचालित साइबर धोखाधड़ी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




