Sonbhadra News: ट्रक का चालान जमा करने के नाम पर हुई एक लाख की साइबर ठगी, चोपन पुलिस ने पूरी रकम कराई वापस
पुलिस ने ठगी की धनराशि को होल्ड और फ्रीज कराने के बाद नियमानुसार रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी कराई।

sonbhadra
7:19 PM, November 13, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । साइबर अपराधियों ने ट्रक का चालान जमा करने के नाम पर एक व्यक्ति के बैंक खाते से एक लाख रुपये की ठगी कर ली थी। मामले में थाना चोपन की साइबर हेल्प डेस्क ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ठगी गई पूरी धनराशि वापस करा दी। खाते में एक लाख रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।पुलिस के अनुसार, डाला के बारी निवासी विनय कुशवाहा पुत्र लल्लू प्रसाद कुशवाहा के साथ 4 जून 2026 को साइबर धोखाधड़ी की घटना हुई थी। ट्रक का चालान जमा करने के नाम पर यूपीआई के माध्यम से उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए थे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं नोडल अधिकारी ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन की साइबर हेल्प डेस्क ने मामले की जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क ने बैंक ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान संदिग्ध बैंक लेनदेन को ट्रेस कर संबंधित बैंक से संपर्क स्थापित किया गया। इसके लिए आवश्यक ई-मेल और नोडल स्तर पर पत्राचार किया गया। पुलिस ने ठगी की धनराशि को होल्ड और फ्रीज कराने के बाद नियमानुसार रिवर्सल की प्रक्रिया पूरी कराई। थाना चोपन पुलिस की इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप पीड़ित विनय कुशवाहा के मूल बैंक खाते में ठगी की पूरी एक लाख रुपये की धनराशि वापस करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क टीम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। किसी भी अनजान नंबर या स्रोत से प्राप्त एपीके (APK) फाइल डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें। मोबाइल में अनजान ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखें और किसी भी ऐप को बिना जरूरत एसएमएस, कॉल या स्क्रीन एक्सेस जैसी परमिशन न दें। इसके साथ ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम पिन और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक थाना चोपन गोपाल जी गुप्ता, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अभयनाथ यादव और महिला आरक्षी शैलजा सिंह शामिल रहीं।




