Sonbhadra News : मधुपुर-मझुई सम्पर्क मार्ग की पुलिया टूटी, कई घरों में पानी घुसा
कई दिनों से लगातार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अचानक पानी का दबाव बढ़ने पर बनवारी रोड के नाम से चर्चित मधुपुर-मझुई सम्पर्क मार्ग की पुलिया टूट गई ।

sonbhadra
2:49 PM, September 1, 2026
जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
मधुपुर (सोनभद्र) । कई दिनों से लगातार वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अचानक पानी का दबाव बढ़ने पर बनवारी रोड के नाम से चर्चित मधुपुर-मझुई सम्पर्क मार्ग की पुलिया टूट गई । पानी का तेज प्रवाह मधुपुर अमृतसरोवर से बने सम्पर्क मार्ग पर ओवर फ्लो होने लगा । लिहाजा दो स्थानों पर पानी के प्रवाह से पटरी और डामर का कुछ हिस्सा बह गया । बता दें कि मधुपुर-मझुई सम्पर्क मार्ग का यह वैकल्पिक मार्ग है । वहीं भारी बरसात से कस्बे में बने अंडरग्राउंड मकानों, दुकानों में पानी भर गया और तमाम सामान भीग कर खराब हो गये। फुटहरवा पुल जो चन्द्रप्रभा नदी का उद्गम स्थल भी है अपने पूरी क्षमता से पानी निकालने के बाद भी दूसरे तरफ पानी का दबाव बना हुआ है । सुबह बरसात रुक जाने पर थोड़ी राहत मिली लेकिन बाढ़ जैसे हालात अभी भी निचले हिस्से के बस्तियों में बना हुआ है।




