Sonbhadra News: छठ महापर्व के बाद घर लौटने वालों की बढ़ी भीड़, चोपन बस स्टैंड पर बसों के लिए परेशान हुए यात्री
काफी देर इंतजार के बाद जब बसें पहुंचीं तो उनमें पहले से ही यात्रियों की भारी भीड़ देखकर लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। कई यात्री बसों में जगह पाने के लिए परेशान दिखे।

sonbhadra
5:47 PM, November 16, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न होने के बाद अब रोजी-रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग वापस अपनी कर्मस्थली की ओर प्रस्थान करने लगे हैं। इसके चलते चोपन बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बसों की समय पर उपलब्धता नहीं होने और बसों में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड पर सोमवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजार करते नजर आए। काफी देर इंतजार के बाद जब बसें पहुंचीं तो उनमें पहले से ही यात्रियों की भारी भीड़ देखकर लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। कई यात्री बसों में जगह पाने के लिए परेशान दिखे, वहीं परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। छठ महापर्व पर घर आए नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और अन्य कामगारों को अब समय से अपनी कार्यस्थली पहुंचने की चिंता सता रही है। ऐसे में बसों की कमी और अनियमित उपलब्धता उनकी परेशानी बढ़ा रही है। यात्रियों के अनुसार त्योहार के बाद अचानक बढ़ी भीड़ के चलते बसों में सफर करना मुश्किल हो गया है। बताया जा रहा है कि अगले दो दिनों तक चोपन बस स्टैंड पर इसी तरह यात्रियों की भीड़ और बसों की मारामारी की स्थिति बनी रह सकती है। अब यात्रियों को उम्मीद है कि परिवहन विभाग अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कराएगा, ताकि उन्हें समय से अपने गंतव्य तक पहुंचने में सहूलियत मिल सके।




