Sonbhadra News : छठ महापर्व पर आस्था का उमड़ा जनसैलाब, डूबते सूर्य को ब्रती महिलाओं ने दिया अर्घ्य
नगर से लेकर गांव-देहात तक पूरा क्षेत्र छठी मइया की जय और लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा।

sonbhadra
7:35 PM, November 15, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र)। महापर्व डाला छठ के अवसर पर रविवार की शाम चुर्क क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर छठी मइया और भगवान भास्कर की उपासना की।दोपहर बाद गाजे-बाजे और छठी मइया के पारंपरिक लोकगीतों के बीच व्रती महिलाएं परिवार सहित घाटों की ओर निकल पड़ीं। नगर से लेकर गांव-देहात तक पूरा क्षेत्र छठी मइया की जय और लोकगीतों से भक्तिमय हो उठा। चुर्क नगर के वार्ड नंबर 5 शिव मंदिर छठ घाट, विवाह मंडप के पास का घाट, रौप तालाब छठ घाट, सहिजन खुर्द छठ घाट और सहिजन कला चाड़ी तालाब सहित सभी घाटों पर शाम 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। घाटों पर स्थिति ऐसी थी कि तिल रखने तक की जगह नहीं बची थी। व्रती महिलाएं अपनी-अपनी वेदियों के सामने पूजन सामग्री रखकर कमर भर पानी में पश्चिम दिशा की ओर मुख करके खड़ी हो गईं। पति और परिवार के अन्य सदस्य डलिया में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री लेकर साथ चल रहे थे।
सूर्यास्त का समय होते ही व्रतियों ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और मनोकामना पूर्ति की कामना की। इसके बाद वेदियों पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर दीपदान किया गया। दीपों की रोशनी और विद्युत झालरों से सजे घाट जगमगा उठे, जिससे पूरा वातावरण और भी भव्य और मनमोहक हो गया। महिलाओं ने संतान की सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण के लिए कठिन निर्जला व्रत रखा।
घाटों पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए चुर्क चौकी पुलिस की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी लगातार घाटों पर निगरानी करते रहे, जिससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से पूजा-अर्चना कर सके।




