Sonbhadra News : पीडीए महा सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब, भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का किया आह्वान
चंडी होटल के पास सोन पैलेस में आयोजित विशाल पीडीए महा सम्मेलन में समाजवादी पार्टी और जन अधिकार पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भारी भीड़ जुटी।

sonbhadra
8:37 PM, September 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित चंडी होटल के पास सोन पैलेस में आयोजित विशाल पीडीए महा सम्मेलन में समाजवादी पार्टी और जन अधिकार पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। सम्मेलन में सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और जातीय जनगणना के मुद्दे पर वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि "कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब आगामी विधानसभा चुनाव में बदलाव का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार समाजवादी पार्टी की बनेगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने से कोई रोक नहीं पाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पीछे हटने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से किसान, नौजवान, मजदूर, आदिवासी, अल्पसंख्यक और व्यापारी परेशान हैं। उन्होंने पीडीए समाज के लोगों से गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच रखने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।"
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि "संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पीडीए की एकजुटता जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में गरीब और कमजोर वर्गों के साथ अत्याचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ पीडीए ही मजबूत विकल्प है और आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।"
सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि "सम्मेलन में सामाजिक न्याय की लड़ाई से जुड़े बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। उन्होंने पीडीए समाज को और जोड़ने तथा आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार वंचित और शोषित वर्गों को न्याय दिलाने तथा सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने में जुटे हैं।"




