Sonbhadra News : मारकुंडी गांव में मगरमच्छ मिलने से मचा हड़कंप
गुरमा वन रेंज के अन्तर्गत मारकुंडी ग्राम सभा बस्ती में मध्य रात्रि मगरमच्छ के आ जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई

sonbhadra
12:14 PM, August 17, 2024
राकेश चौबे
★ गुरमा वन रेंज के कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के पश्चात मगरमच्छ को किया रेस्क्यू
मारकुंडी (सोनभद्र) गुरमा वन रेंज के अन्तर्गत मारकुंडी ग्राम सभा बस्ती में मध्य रात्रि मगरमच्छ के आ जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों व प्रधान ने इसकी जानकारी गुरमा पुलिस चौकी समेत वन विभाग को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम एवं वन कर्मचारियों ने बड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को रेस्क्यू कर रात में ही अपने साथ ले जाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। मगरमच्छ के चले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
उक्त सम्बध में सूरज कुमार यादव प्रधान प्रतिनिधि एंव रामप्यारे, शिवा यादव, महेंद्र भारती, एस के गुप्ता, मनोज कुमार सभासद इत्यादि लोगों ने बताया कि घाघर नदी पानी टंकी के समीप मगरमच्छ देखने के साथ मुख्य सम्पर्क मार्ग सोन पम्प नहर और प्राचीन हनुमान मंदिर के समीप तालाब में भी मगरमच्छ और उसके बच्चों को भी देखा गया,। बस्ती के आस पास के क्षेत्रों में आज के परिवेश में भी लोग दहशत में रहते हैं। इस सम्बंध में बस्ती के लोगों ने वन विभाग से सम्बंधित अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया है।
उक्त सम्बंध में वन क्षेत्राधिकारी पी के सचान से जानकारी चाही तो उन्होंने बताया कि जब तक मगरमच्छ पानी में है, उस वक्त तक हम कुछ नहीं कर सकते लेकिन पानी के बाहर मिलने पर मगरमच्छ को रेस्क्यू किया जा सकता हैं।




