Sonbhadra news : मनीजराडण्डी में मूलभूत सुविधाओं का संकट, पानी-बिजली के लिए जूझ रहे आदिवासी परिवार
40 से 50 आदिवासी परिवार भीषण गर्मी में पानी, बिजली और आवास जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव में कठिन जीवन बिताने को मजबूर हैं।

sonbhadra
4:59 PM, May 22, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला, (सोनभद्र)। विकास और सरकारी योजनाओं के दावों के बीच कोटा ग्राम पंचायत का मनीजराडण्डी टोला आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां रहने वाले लगभग 40 से 50 आदिवासी परिवार भीषण गर्मी में पानी, बिजली और आवास जैसी आवश्यक सुविधाओं के अभाव में कठिन जीवन बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जल्द राहत पहुंचाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों के अनुसार टोले में आज तक नियमित पेयजल व्यवस्था नहीं हो सकी है। बिजली की सुविधा भी गांव तक नहीं पहुंची, जिससे लोगों को अंधेरे में जीवन गुजारना पड़ रहा है। पानी की समस्या इतनी गंभीर है कि ग्रामीण पीने और दैनिक उपयोग के लिए चूहाड़ और नाले के पानी पर निर्भर हैं। गर्मी बढ़ने के साथ जलस्रोत भी सूखने लगे हैं, जिससे स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है।
महिलाओं ने बताया कि उन्हें पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। गांव में सड़क और शिक्षा व्यवस्था की भी पर्याप्त सुविधा नहीं है। कई परिवार आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाया है।
स्थानीय युवा समाजसेवी दीपू शर्मा ने कहा कि पंचायत क्षेत्र के कई मजरे और टोले आज भी बुनियादी सुविधाओं से दूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गई हैं। उनका कहना था कि “हर घर जल योजना के तहत पाइप और नल तो लगाए गए, लेकिन आज तक उनमें पानी नहीं आया।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में जल्द बिजली, पेयजल, सड़क, आवास और शिक्षा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों को सम्मानजनक जीवन मिल सके।
ग्रामीण परमिला कमरो, फूलवंती नेताम, राजवंती गोंड, रामजन्म कमरो गोंड, राय सिंह टेकाम, बिहारी अगरिया, कतवारू कमरो, श्यामनारायण कमरो सहित अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।




