Sonbhadra News : शीशटोला जंगल लूटकांड में शामिल ₹25 हजार का इनामिया बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूटकांड का सोनभद्र पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना बभनी पुलिस, एसओजी, थाना म्योरपुर एवं थाना दुद्धी की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान.....

sonbhadra
5:33 PM, August 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
सोनभद्र । शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूटकांड का सोनभद्र पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। थाना बभनी पुलिस, एसओजी, थाना म्योरपुर एवं थाना दुद्धी की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान ₹25 हजार के इनामी बदमाश पंकज साह को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे एवं निशानदेही पर लूट का बैग, भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामले का खुलासा सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में किया।
पुलिस अधीक्षक एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि "जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में गठित संयुक्त टीम ने इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि शीशटोला लूटकांड पुलिस के लिए चुनौती था, जिसे टीम ने कड़ी मेहनत, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से सुलझा लिया।"
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम -
एसपी ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार छत्तीसगढ़ के रघुनाथनगर साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे शीशटोला जंगल के पास बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर उन्हें रोककर सोने-चांदी के आभूषण और लगभग ₹40 हजार नकदी से भरा बैग लूट लिया था। मामले में थाना बभनी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी में लगाया गया था।
चेकिंग के दौरान मुठभेड़, पैर में लगी गोली -
सोमवार तड़के अरझट पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन बरसात के कारण बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों बदमाश झाड़ियों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी संजय साकेत अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
जंगल में छिपाया था लूट का बैग -
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाश ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत और रमेश साकेत के साथ मिलकर पहले व्यापारी की रेकी की और फिर वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया गया था, जबकि नकदी आपस में बांट ली गई थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लूट का बैग बरामद कर लिया, जिसकी पहचान पीड़ित व्यापारी ने मौके पर ही कर ली।
भारी मात्रा में आभूषण और हथियार बरामद -
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस, फायरशुदा खोखे, घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल तथा लूट के बैग से 7 हसुली, 38 जोड़ी पायल, 7 जोड़ी पाजेब, 3 जोड़ी पहुंची, एक जोड़ी बेरवा और 25 फॉक्स चेन सहित भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
आदतन अपराधी है पंकज साह -
पुलिस जांच में सामने आया कि पंकज साह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ सोनभद्र और मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के विभिन्न थानों में लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी बोले : अपराधियों के लिए जनपद में कोई जगह नहीं -
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि "सोनभद्र में अपराध करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। संगठित अपराध, लूट और गैंगवार जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।"




