Sonbhadra News : क्रिकेट प्रतियोगिता-मेजबान टीम ने पिपराही को सत्रह रनों से हराया
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मेजबान टीम के खिलाड़ी सौरभ मिश्र को दिया गया

सोनभद्र
5:29 PM, December 20, 2025
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र) दुद्धी ब्लाक के हीराचक गांव में चल रहे क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को मेजबान टीम और पिपराही क्रिकेट टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें मेजबान सुपर स्टार क्रिकेट टीम हीराचक ने पिपराही क्रिकेट टीम को सत्रह रनों से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।
टास जीतकर पिपराही क्रिकेट टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने निर्धारित दस ओवर में चार विकेट खोकर 110 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी पिपराही क्रिकेट टीम अपनी पारी में संघर्षपूर्ण मुकाबला करते हुए सात विकेट खोकर 93 रन ही बना सकी। इस तरह मेजबान सुपर स्टार क्रिकेट टीम हीराचक ने पिपराही से यह मैच सत्रह रनों से जीत लिया।
मेजबान टीम के हरफनमौला खिलाड़ी एवं सलामी बल्लेबाज सौरभ मिश्र ने सोलह गेंद में तीन छक्कों के बदौलत सर्वाधिक तीस रन बनाए और दो विकेट भी झटके। आयोजन समिति की ओर से इन्हें मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर राम ध्यान मिश्रा, राहुल रंजन मिश्रा, संजय चौबे, विशाल चौबे, आशीष कुमार, जितेन्द्र कुमार, संतोष मिश्रा, संदीप कुमार, आकर्ष चौबे, श्रीकांत मिश्र सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




