Sonbhadra News : ऑपरेशन 'Cy-Vajra' के तहत साइबर गैंग पर शिकंजा, अपराध की कमाई से खरीदी थार जब्त
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विशेष अभियान 'ऑपरेशन Cy-Vajra' के तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा.....

sonbhadra
7:41 PM, July 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित विशेष अभियान 'ऑपरेशन Cy-Vajra' के तहत साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस ने संगठित साइबर अपराध से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए साइबर गैंग के सरगना आयुष पटेल की अपराध की कमाई से खरीदी गई महिन्द्रा थार को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि गैंग लीडर आयुष पटेल अपने सहयोगियों सुभाष राय, रजत श्रीवास्तव और करण गुप्ता के साथ मिलकर होटल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में म्यूल बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि जमा कर एटीएम और चेक के माध्यम से निकासी कर संगठित आर्थिक अपराध को अंजाम दिया जाता था।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम, सोनभद्र में मुकदमा अपराध संख्या 17/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66-डी में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप-पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। इसके अलावा गैंग बनाकर अपराध करने के आरोप में उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा अपराध संख्या 15/2026 भी दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आयुष पटेल द्वारा साइबर अपराध से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों का चिन्हीकरण कर रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी। जिला मजिस्ट्रेट के जब्ती आदेश के बाद साइबर थाना पुलिस ने वाराणसी जनपद के रामपुर सगरा स्थित स्थान पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया के तहत महिन्द्रा थार को जब्त कर थाना साइबर क्राइम में दाखिल कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि "ऑपरेशन Cy-Vajra के तहत साइबर अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए जनपद स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है और अपराध से अर्जित अन्य चल एवं अचल संपत्तियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।"
इस कार्यवाही में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेन्द्र कुमार चौधरी, प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज माधव सिंह, हेड कांस्टेबल संजय वर्मा, शिवनन्द सिंह तथा कांस्टेबल हृदेश यादव शामिल रहे।




