Sonbhadra News : रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर शिकंजा, दुद्धी और ओबरा में दुकानों पर छापेमारी, सात नमूने संग्रहित
रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने........

दुकानों से नमूने संग्रहित करते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम......
sonbhadra
5:17 PM, August 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुद्धी और ओबरा बाजार में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खोया, दूध से निर्मित मिठाइयों और मसालों समेत कुल सात खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।रक्षाबंधन के मद्देनजर विभाग की ओर से 21 से 27 अगस्त तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना है।
दुद्धी में मिठाइयों के नमूने संग्रहित -
अभियान के दौरान दुद्धी बाजार स्थित उमंग स्वीट्स से छेना रसगुल्ला का नमूना लिया गया। वहीं भाग्यश्री प्रतिष्ठान से मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा अलवेला स्वीट्स से कलाकंद मिठाई तथा सोनल की दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम ने ओबरा बाजार स्थित महक इंटरप्राइजेज पर भी कार्यवाही की। यहां से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। विभागीय टीम ने सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्यवाही -
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए जाने अथवा मानकों के विपरीत होने के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग की कार्यवाही से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देने के साथ ही आमजन को भी मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी।
पर्व तक जारी रहेगा अभियान -
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रवर्तन कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। मिलावट की शिकायत मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच कर नमूने लिए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार यादव, बालेन्दु शेखर मंगलमूर्ति एवं कीर्ति आनन्द शामिल रहे।




