Sonbhadra news : मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी घायल, तीन साथी गिरफ्तार; असलहा व औजार बरामद
सिंघाताली पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

sonbhadra
10:49 AM, September 17, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
मैलानी/गोला खीरी। मैलानी थाना पुलिस ने गोकशी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार तड़के सिंघाताली पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को संसारपुर के झाला गांव में दो गोवंश के अवशेष मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में भुड़वारा निवासी वसीम घायल हो गया।
मौके से रूहीन, मोहसीम और नीलकंठ उर्फ राकेश को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस, चापड़, छुरी, लकड़ी का ठीहा, प्लास्टिक की बोरियां और रस्सियां बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार वसीम के खिलाफ पूर्व में भी गोवध, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




