Sonbhadra news : चोपन में रसोइयों को मिला सम्मान, कैशलेस इलाज की सुविधा और बढ़े मानदेय का लाभ
ब्लॉक संसाधन केंद्र चोपन में रविवार को पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

sonbhadra
5:07 PM, August 23, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन/सोनभद्र। ब्लॉक संसाधन केंद्र चोपन में रविवार को पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के सम्मान एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता मुख्य अतिथि और ओबरा के उपजिलाधिकारी रवि पासवान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई। इसके बाद अतिथियों ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय से संबंधित चेक वितरित किए। मुख्य अतिथि ने प्रतीकात्मक रूप से पांच-पांच रसोइयों को कार्ड और चेक प्रदान किए।
इस दौरान नंदलाल गुप्ता ने कहा कि सरकार रसोइयों के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि रसोइयों का मानदेय 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार रुपये किया गया है। दुर्घटना की स्थिति में एसबीआई के माध्यम से 2 लाख रुपये का बीमा कवर तथा गणवेश के लिए 500 रुपये की जगह 1 हजार रुपये दिए जाने की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि कार्यरत रसोइयों को 5 लाख रुपये वार्षिक तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा के दायरे में शामिल किया गया है। उन्होंने भविष्य में इन सुविधाओं में और विस्तार की उम्मीद जताई।
एसडीएम रवि पासवान ने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर रसोइये संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पात्र रसोइयों तक योजनाओं का लाभ जल्द पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में शिवनाथ जायसवाल, उमेश पटेल, निशांत कुशवाहा, राम निवास तोमर, मनोज सिंह, अनुज त्रिपाठी, बृजेश पांडे, बृजेश श्रीवास्तव और उषा शर्मा सहित प्रधानाध्यापक, संकुल शिक्षक, एआरपी तथा बड़ी संख्या में रसोइये मौजूद रहे। संचालन मनीष पटेल ने किया।




