Sonbhadra News : दो वर्ष से चक मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा, लोगों की बढ़ी मुश्किलें
बभनी के ग्राम पंचायत सतबहनी अधौरा गांव में लगभग दो वर्ष से चक मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग को मई 2024 में शुरू किया गया लेकिन यह अब भी पूरा नहीं हुआ।

sonbhadra
4:54 PM, February 17, 2026
राजेश कुमार संवाददाता
बभनी (सोनभद्र)। विकास खंड बभनी के ग्राम पंचायत सतबहनी अधौरा गांव में लगभग दो वर्ष से चक मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस मार्ग को मई 2024 में शुरू किया गया था, लेकिन यह अब भी पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस कार्य को पूर्ण कराने की मांग की है।यह चक मार्ग कौलेशवर के घर से काशीडाड़ तक बनना था। निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर छोड़ दिया गया है। पंचायत का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, जिससे ग्रामीणों को चिंता है कि यदि कार्यकाल समाप्त हो गया तो यह मार्ग कभी पूरा नहीं हो पाएगा।ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानों की मनमानी के कारण ग्राम पंचायतों में चकमार्ग आधे-अधूरे पड़े हैं। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत बनवाए गए कई चकमार्ग मानक के विपरीत हैं। प्रधान शासनादेशों का उल्लंघन कर रहे हैं।प्रधानों की मनमानी से मनरेगा योजना को नुकसान हो रहा है और ग्रामीण बेरोजगारों के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। कई चकमार्ग जो छह माह पूर्व बनवाए गए थे, वे बरसात के बाद तुरंत गड्ढों में तब्दील हो गए। चकमार्गों के नाम पर करोड़ों रुपये दिए गए, लेकिन प्रधानों ने इन्हें प्राथमिकता न देकर अपनी जेबें भरने में लगे रहे।राजबली, रामबली, जीतलाल, श्यामसुंदर, भगवान दास, शिवकुमार, देवनारायण, जग नारायण, हरिकिशुन और राम प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए अधूरे मार्ग को पूर्ण कराने की मांग की है। मनरेगा के एपीओ पंकज कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई की जाएगी और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।



