Sonbhadra News : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
कांग्रेस पार्टी ने आज नगर के चाचा नेहरू पार्क में देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री....

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते कांग्रेसीजन
sonbhadra
8:39 PM, December 28, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कांग्रेस पार्टी ने आज नगर के चाचा नेहरू पार्क में देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ0 मनमोहन सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री क़ो श्रद्धांजलि दिया।
प्रधानमंत्री काल में जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना -
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड़ ने डॉ0 मनमोहन सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ0 मनमोहन सिंह एक महान शख्सियत थे। उन्होंने कहा कि "डॉ0 मनमोहन सिंह ने देश को आर्थिक रूप से सशक्त एवं मजबूत बनाने के लिए अपने प्रधानमंत्री रहते हुए कई सारी योजनाएं दी। उन्होंने आदिवासियों के लिए वनाधिकार का कानून दिया, जिससे आदिवासियों का जीवन जीना सुगम हुआ और आदिवासी मुख्य धारा में जुड़े। जब देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से संकट में थी, उस समय डॉ0 मनमोहन सिंह ने अपनी नेतृत्व क्षमता से भारतीय अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाकर उसे दुनिया में एक सशक्त स्थिति में स्थापित किया। उनका कार्य इतिहास हमेशा स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा, आज पूरा विश्व उन्हें नमन कर रहा है।"
कार्यवाहक शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने कहा कि "डॉ0 मनमोहन सिंह एक विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री थे, उन्होंने भारत देश में आर्थिक असमानता को दूर किया और लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करते हुए विश्व की सबसे बड़ी योजना मनरेगा को सफलतापूर्वक देश में चालू करवाया, जिससे गरीब तबके से लेकर सभी तबकों का एक समुचित आर्थिक विकास हुआ। उनका जाना केवल कांग्रेस पार्टी ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है जिसकी भरपाई नहीं हो सकती।"
पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष फरीद अहमद ने डॉ0 मनमोहन सिंह की सादगी और सरलता को सराहाते हुए कहा कि उनके प्रधानमंत्री काल में बनी तमाम जनकल्याणकारी योजनाएं आज भी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।




