Sonbhadra News : 2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, आदिवासी विस्थापन व खाद संकट को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा
आगामी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं नगर..

बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते जिलाध्यक्ष रामराज गोंड.....
sonbhadra
7:23 PM, July 13, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आगामी वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं नगर अध्यक्षों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के उपरांत कांग्रेस नेताओं ने जनपद की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि "कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें तथा किसानों, आदिवासियों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।"
आदिवासियों के विस्थापन और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा उठाया -
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राबर्ट्सगंज तहसील के नगवां ब्लॉक स्थित बैजनाथ, पनौरा एवं चिरहुली क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीनको सोलर प्रोजेक्ट, अडानी पावर प्रोजेक्ट तथा अवाडा पावर प्रोजेक्ट के लिए बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र की कटाई की तैयारी की जा रही है। ब्रह्ममोरी से वसुहारी तक लगभग 35 किलोमीटर क्षेत्र में महुआ, पियार, तेंदू और साखू सहित लाखों हरे-भरे पेड़ों को चिन्हित किए जाने से पर्यावरण और आदिवासियों की आजीविका पर गंभीर संकट उत्पन्न होने की आशंका जताई गई।
कांग्रेस ने कहा कि जंगल आदिवासियों की जीवनरेखा हैं और जल, जंगल, जमीन से उनका अस्तित्व जुड़ा हुआ है। ऐसे में विकास के नाम पर उन्हें विस्थापित करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
खाद की किल्लत पर सरकार को घेरा -
ज्ञापन में जनपद में डीएपी एवं यूरिया खाद की भारी कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खरीफ की खेती प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध नहीं कराया गया तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।
अवैध खनन और खतरनाक खदानों पर कार्रवाई की मांग -
कांग्रेस ने ओबरा क्षेत्र में अवैध खनन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डाला से ओबरा के बीच गहरी और जलभराव वाली खदानें लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही हैं। कई लोगों की इन गड्ढों में गिरकर मौत हो चुकी है। साथ ही आबादी से सटी खदानों में होने वाली ब्लास्टिंग से स्थानीय लोगों के जीवन और संपत्ति पर खतरा बना हुआ है। पार्टी ने ऐसी खदानों पर तत्काल रोक लगाने, खतरनाक गड्ढों को भरवाने तथा वहां वृक्षारोपण कराने की मांग की।
ये हैं कांग्रेस की प्रमुख मांगें -
• आदिवासियों के हितों की रक्षा करते हुए प्रस्तावित वन क्षेत्रों में औद्योगिक परियोजनाओं पर पुनर्विचार किया जाए
• किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी और यूरिया खाद उपलब्ध कराई जाए
• ओबरा क्षेत्र की खतरनाक खदानों के गड्ढों को भरवाकर सुरक्षित बनाया जाए
• आबादी से सटी अवैध खदानों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाए
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद -
बैठक में आरटीआई जिला अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, जिला सचिव मंजू देवी, ब्लॉक अध्यक्ष अमरेश देव पांडेय, आशीष सिंह (कंट्रोल प्रभारी), शीतला पटेल, ऋषि राज पासवान, पूर्व जिला सचिव गणेश विश्वकर्मा, राजेंद्र भारतीय, मिक्कू, अहमद हुसैन, संजय राम, विजय चौहान, लल्लू राम पांडेय, सुनील मिश्रा, विनोद विश्वकर्मा, अर्जुन खरवार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष वंशीधर देव पांडे, नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ प्रजापति एवं सरबुद्दीन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।




