Sonbhadra News : ज्ञान, संस्कार और सफलता का संगम, मेधावी विद्यार्थियों का कलेक्ट्रेट में हुआ अभिनंदन
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्साहपूर्ण..

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करते प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल, राज्यमंत्री संजीव गोंड, डीएम चर्चित गोंड और एसपी अभिषेक वर्मा....
sonbhadra
4:30 PM, June 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• मेधा का महापर्व, मुख्यमंत्री ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
• सम्मान समारोह में गूंजा शिक्षा, संस्कार और सफलता का संदेश
सोनभद्र । माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में देखा और सुना गया। प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह, गर्व और आत्मविश्वास का वातावरण देखने को मिला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि "सफलता का वास्तविक आधार कठिन परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच है। उन्होंने कहा कि सम्मानित हो रहे विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है तथा उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त साधन है। विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और नवाचार को अपनाकर जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।"
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के प्रभारी मंत्री एवं स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क पंजीयन विभाग के मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि "सफलता का मार्ग चुनौतियों से भरा होता है, लेकिन जो विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, वही इतिहास रचते हैं। उन्होंने मेधावियों को बधाई देते हुए देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।"
राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव गौड़ ने कहा कि "मेधावी छात्र-छात्राएं राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग समाज तथा राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।"
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "यह सम्मान उनकी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के बल पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।"
समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने सभी वक्ताओं के प्रेरणादायी विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। पूरे कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और उत्कृष्टता का संदेश प्रमुख रूप से परिलक्षित हुआ। सम्मान समारोह ने विद्यार्थियों के मनोबल को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर घोरावल विधायक डॉ0 अनिल कुमार मौर्य, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, सदर विधायक प्रतिनिधि विकास मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, मेधावी विद्यार्थी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।




