Sonbhadra News : लगातार तीसरी बार कोन ब्लॉक प्रथम, बभनी ने लगाई लंबी छलांग; डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान जुलाई-2026 की रैंकिंग जारी
जारी रैंकिंग में कोन विकास खंड ने 65.39 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोन के खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार के नेतृत्व में विकास खंड ने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन

sonbhadra
8:17 PM, July 31, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की उपस्थिति में आयोजित जिला अनुश्रवण समिति की बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय द्वारा प्रशासनिक एवं शैक्षणिक दक्षता में सुधार तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के उद्देश्य से तैयार डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान (डीएपी) जुलाई-2026 की विकास खंडवार रैंकिंग जारी की गई। यह रैंकिंग जनपद के 2075 परिषदीय विद्यालयों में नामांकन, छात्र ट्रांजिशन, छात्र अधिगम क्षमता, प्रौढ़ शिक्षा, डिजिटल छात्र उपस्थिति, मूल्यांकन, स्मार्ट क्लास के उपयोग एवं अन्य प्रमुख शैक्षणिक तथा प्रशासनिक संकेतकों के आधार पर तैयार की गई है।
जारी रैंकिंग में कोन विकास खंड ने 65.39 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया। कोन के खंड शिक्षा अधिकारी विश्वजीत कुमार के नेतृत्व में विकास खंड ने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी शीर्ष रैंक बरकरार रखा है। चोपन विकास खंड ने 61.59 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। चोपन के खंड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विकास खंड ने विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संकेतकों पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं बभनी विकास खंड ने 60.71 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सबसे बड़ा सुधार दर्ज किया। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील प्रजापति के नेतृत्व में बभनी ने लंबी छलांग लगाते हुए आठवें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचकर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके बाद क्रमशः घोरावल, रॉबर्ट्सगंज, दुद्धी, चतरा, नगवां, म्योरपुर एवं कर्मा विकास खंड रहे।
डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान के माध्यम से खंड शिक्षा अधिकारियों की प्रशासनिक कार्यक्षमता के साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसमें विद्यालयवार नामांकन, छात्र ट्रांजिशन, अधिगम स्तर, प्रौढ़ शिक्षा, डिजिटल छात्र उपस्थिति, दक्षता आधारित मूल्यांकन, स्मार्ट क्लास के प्रभावी उपयोग, विद्यालय अनुश्रवण तथा विभागीय पोर्टलों पर समयबद्ध डाटा अद्यतन जैसे प्रमुख संकेतकों को शामिल किया गया है। जुलाई माह की समीक्षा में डिजिटल छात्र उपस्थिति तथा स्मार्ट क्लास के उपयोग में जनपद स्तर पर उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया, जो विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सकारात्मक संकेत है।
बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देश दिए कि जिन विकास खंडों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है, उनके लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समयसीमा में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण, छात्र उपस्थिति में वृद्धि, अधिगम परिणामों में सुधार, डिजिटल मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक संकेतक पर निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विकास खंडों के नवाचारों एवं कार्यप्रणाली को अन्य विकास खंडों में भी अपनाने पर बल दिया। अच्छा कार्य करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को प्रोत्साहित करने हेतु कार्य करने को निर्देशित किया गया।
डिस्ट्रिक्ट एक्शन प्लान आधारित यह मासिक रैंकिंग प्रणाली शिक्षा विभाग में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम बन रही है। नियमित समीक्षा के माध्यम से विकास खंडवार प्रगति का आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएगी।




