Sonbhadra News : साथी व आईपीएमएस पोर्टल की अनिवार्यता समाप्त करने को लेकर खाद-बीज विक्रेताओं ने किया प्रदर्शन
साथी पोर्टल व आईपीएमएस पोर्टल की अनिवार्यता समाप्त करने को लेकर आज सोनभद्र बीज व्यापारी सेवा समिति के बैनर तले खाद-बीज व्यापारियों ने जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मौर्या के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंच......

कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने जाते खाद-बीज व्यापारी.....
sonbhadra
12:25 PM, October 6, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । साथी पोर्टल व आईपीएमएस पोर्टल की अनिवार्यता समाप्त करने को लेकर आज सोनभद्र बीज व्यापारी सेवा समिति के बैनर तले खाद-बीज व्यापारियों ने जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मौर्या के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंच प्रदर्शन किया और सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मौर्या ने बताया कि "कृषि एवं कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित साथी पोर्ट व आईपीएमएस पोर्टल वर्तमान स्वरूप में व्यापारी, किसान समाज, कृषि उत्पादक तीनों के लिए घोर संकट का कारण इसकी जटिल प्रणाली के कारण बन सकता है, किसान समय पर बोआई नही कर पायेंगे और विक्रेता भुखमरी की कगार पर पहुंच जायेगा। छोटे एवं मध्यम व्यापारी संसाधनों के अभाव में पैकेट वाइस अथवा टैग वाइस डिटेल अपलोड करने में पूर्णतः असमर्थ रहेंगे, एक ही व्यापार के लिए खाद, कीटनाशक, बीज तीनों के लिए अलग-अलग एप का क्या औचित्य? कीटनाशक दवाओं और बीजों की बोआई के समय प्रत्येक पैकेट बोरी स्कैन कर पोर्टल पर अपलोड करना भीड़ में संभव नहीं है क्योंकि बुआई का समय सीमित होता है, समय पर बीज न बिका तो अगले वर्ष बचे बीज की अंकुरण क्षमता स्वतः समाप्त हो जायेगी, बीज किसी कार्य का नही रह जायेगा जिससे दुकानदारों को आर्थिक हानि होगी और उत्पादकता प्रभावित होगी, ज्यादातर लेबर (पल्लेदार जो ट्रक-अनलोड करते हैं) पढ़े लिखे नहीं होते हैं ऐसी दशा में बोरी का इधर-उधर उतरना निश्चित है, जो परेशानी और भ्रष्टाचार का कारण बनेगा, प्रमाणित बीज की दशा में प्रत्येक 40 किलो की बोरी उठाकर स्कैन करना सम्भव न होगा और व्यापारियों पर आर्थिक रूप से अनावश्यक बोझ पड़ेगा, उनको संसाधन खरीदने और उपयोग के लिये व्यक्ति रखने पर कई दुकानदार तो सिर्फ वेतन देने में ही निपट जायेंगे और उनकी दुकान बंद हो जायेगी। इसलिए दोनों पोर्टल की अनिवार्यता समाप्त करते हुए खाद-बीज व्यापारियों को राहत प्रदान करें।"
ज्ञापन सौंपने वालों में संरक्षक कमला सिंह, महामंत्री संतलाल, कोषाध्यक्ष लालजी मौर्या, आय-व्यव निरीक्षक गिरीश कुशवाहा सहित अन्य दूकानदार मौजूद रहे।




