Sonbhadra News : भ्रष्टाचार की शिकायत करना पड़ा भारी, ग्रामीण ने प्रधान पति पर लगाया धमकी देने और फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप
विकास कार्यों में कथित अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत करना एक ग्रामीण को भारी पड़ता नजर आ रहा है। शाहगंज थाना क्षेत्र के पेटराही गांव निवासी एक युवक ने ग्राम प्रधान के पति और उनके.......

sonbhadra
3:58 PM, June 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । विकास कार्यों में कथित अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत करना एक ग्रामीण को भारी पड़ता नजर आ रहा है। शाहगंज थाना क्षेत्र के पेटराही गांव निवासी एक युवक ने ग्राम प्रधान के पति और उनके सहयोगियों पर जान से मारने की धमकी देने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पेटराही निवासी अशोक कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसने ग्राम सभा अरंगी में वर्ष 2021 से अब तक कराए गए विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और सरकारी धन के गबन की जांच कराने के लिए 3 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी साथ ही जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से भी मामले की शिकायत की गई, जिसकी जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच की प्रक्रिया शुरू होने के बाद ग्राम सभा अरंगी की वर्तमान प्रधान वंदना देवी के पति रामसूरत सिंह तथा उनके सहयोगी उससे नाराज हो गए हैं। आरोप है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर जान से मारने, झूठे मुकदमों में फंसाने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी जा रही हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित पक्ष द्वारा शिकायतकर्ता और उसके पिता को गांजा, हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि धमकियों के कारण उसका पूरा परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में विभिन्न गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, जिसके चलते परिवार को किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।




