Sonbhadra News : कमिश्नर ने तहसील नगर पंचायत और कलेक्ट्रेट का किया जांच, चुर्क-घूर्मा नगर पंचायत को खुद का कार्यालय बनाने का मिला आश्वासन
राजेश प्रकाश, मंडल आयुक्त विंध्याचल मंडल मीरजापुर ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान तहसील राबर्ट्सगंज, कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों एवं नगर पंचायत चुर्क/गुरमा का निरीक्षण किया।

sonbhadra
7:48 PM, February 16, 2026
शान्तनु कुमार (संवाददाता)
० अधिक समय से लम्बित मुकदमों का प्राथमिकता के आधार पर किया जाये निस्तारण- मण्डलायुक्त
० राजस्व वसूली के कार्य में तेजी लाये- मण्डलायुक्त
सोनभद्र। राजेश प्रकाश, मंडल आयुक्त विंध्याचल मंडल मीरजापुर ने सोमवार को जनपद भ्रमण के दौरान तहसील राबर्ट्सगंज, कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों एवं नगर पंचायत चुर्क/गुरमा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, वाद-निस्तारण एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का गहन अवलोकन किया। तहसील रावर्ट्सगंज के निरीक्षण के समय मंडल आयुक्त ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, अनावश्यक रूप से रखी गई सामग्रियों की नीलामी कर परिसर को सुव्यवस्थित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी मुकदमों एवं वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। अभिलेखागार एवं रिकॉर्ड व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।
इसके पश्चात मंडल आयुक्त ने नगर पंचायत चुर्क/गुरमा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत को निर्देश दिया कि नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति निर्बाध एवं सुचारू रूप से की जाए। साथ ही नियमित साफ-सफाई, नालियों की सफाई तथा कूड़ा प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए। राजस्व वसूली के कार्यों में तेजी लाने एवं कर संग्रहण को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए । मंडल आयुक्त ने चुर्क चेयरमैन मीरा यादव से समस्या के बारे में पूछा, जिस पर चेयरमैन मीरा यादव ने बताया कि चुर्क में नगर पंचायत आज भी दूसरे के भवन में संचालित हो रहा है। इस पर आयुक्त ने कहा कि शासन को धन आबंटन के लिए लिखा जायेगा जिससे कि चुर्क- घूर्मा का खुद का नगर पंचायत कार्यालय हो सके।
मंडल आयुक्त द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न अनुभागों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान शिकायत कक्ष, जिला आपदा प्रबंधन कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कक्ष, न्यायालय सहायक कक्ष, अभिलेखागार कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने खतौनी संख्या 1359, 60, 61 एवं 62 का अवलोकन कर अभिलेखों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल आयुक्त ने कहा कि सभी पत्रावलियों का समय से निस्तारण किया जाए तथा कोई भी मुकदमा अनावश्यक रूप से लंबित न रहंे। उन्होंने निर्देश दिए कि अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए तहसील के मुकदमों की मासिक समीक्षा करायी जाये, इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से सम्बन्धित जीपीएफ पासबुक से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के देयकों का शीघ्र भुगतान तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। मंडल आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता पारदर्शिता, समयबद्ध कार्यवाही एवं जनसेवा होनी चाहिए, जिससे आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी(न्यायिक) रमेश चन्द्र, अपर जिलाधिकारी(नमामि गंगे) रोहित यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट उत्कर्ष द्विवेदी, उप जिलाधिकारी मुख्यालय प्रदीप कुमार यादव सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।



