Sonbhadra News : भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और विस्थापितों की समस्याएं सुनने पहुंचे आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार बुधवार दोपहर कनहर सिंचाई परियोजना के गेस्ट हाउस पहुंचे।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार बुधवार दोपहर कनहर सिंचाई परियोजना के गेस्ट हाउस पहुंचे।

राजा (संवाददाता)
दुद्धी (सोनभद्र) । अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार बुधवार दोपहर कनहर सिंचाई परियोजना के गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने कनहर सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों एवं विस्थापित परिवारों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, विस्थापन सहित अन्य समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने अपनी बात आयोग के उपाध्यक्ष के समक्ष रखी।
बैठक के दौरान नहर निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी जमीन का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। किसानों का कहना था कि वर्तमान में उनकी जमीन की कीमत काफी अधिक है, लेकिन भूमि अधिग्रहण के एवज में मिलने वाली मुआवजा राशि अपेक्षाकृत कम है। किसानों ने मांग की कि उनकी जमीन का उचित मूल्यांकन कर नियमानुसार न्यायसंगत मुआवजा दिलाया जाए।
वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने आयोग के उपाध्यक्ष को बताया कि वर्तमान में प्रचलित सर्किल रेट के आधार पर ही मुआवजा निर्धारित कर भुगतान की प्रक्रिया की जा रही है। इस पर उपाध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की पूरी जानकारी ली और नियमानुसार समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
जीत सिंह खरवार ने अधिकारियों से कहा कि कनहर सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों एवं विस्थापित परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति को अपने अधिकार के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की समीक्षा कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कनहर बांध और डूब क्षेत्र का किया अवलोकन
समस्याएं सुनने के बाद आयोग के उपाध्यक्ष ने कनहर सिंचाई परियोजना के मुख्य बांध सहित डूब क्षेत्र का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, जलस्तर एवं प्रभावित क्षेत्र से संबंधित जानकारी अधिकारियों से ली। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी आयोग के उपाध्यक्ष को दी।
अंजली पनिका के परिजनों से मिले, जांच के दिए निर्देश
कनहर बांध के निरीक्षण के बाद आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार कुछ दिन पूर्व कनहर बांध में डूबने से मृत किशोरी अंजली पनिका के घर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संवेदना प्रकट की।
इस दौरान परिजनों ने आयोग के उपाध्यक्ष को बताया कि घटना से पहले अंजली के मोबाइल फोन पर किसी अनजान नंबर से कई बार फोन कॉल और मैसेज आए थे। परिजनों ने आशंका जताते हुए कहा कि अंजली की मौत आत्महत्या नहीं है और पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों की बात सुनने के बाद आयोग के उपाध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्षता से जांच की जाए और जांच में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान सिचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार, संजय गुप्ता, नायब तहसीलदार दुद्धी ज्ञानेंद्र कुमार, अर्जुन सिंह, दिग्विजय,बीजेपी नेता सुरेन्द्र अग्रहरि,चंद्रप्रकाश जैन विस्थापित ने फ्नेश्वर जयसवाल, ईश्वर प्रसाद निराला सहित अन्य उपस्थिति रहे|
सम्बंधित खबर