Sonbhadra News : कृषि कार्य के लिए पास ट्रैक्टरों का व्यवसायिक इस्तेमाल हादसे की आशंका बढ़ी
स्थानीय थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचल सहित बाजार चट्टी चौराहे पर कृषि कार्य के लिए रजिस्टर्ड ट्रैक्टरों के व्यावसायिक उपयोग का मामला चर्चा में है।

sonbhadra
3:30 PM, May 6, 2026
- मिट्टी, बोल्डर, बालू के परिवहन में लगे हैं कई ट्रैक्टर
- बे-रोकटोक सड़क पर फर्राटा भर रहे ट्रैक्टर
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण अंचल सहित बाजार चट्टी चौराहे पर कृषि कार्य के लिए रजिस्टर्ड ट्रैक्टरों के व्यावसायिक उपयोग का मामला चर्चा में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीजपुर पुनर्वास सिरसोती डोडहर गाँव में कई ट्रैक्टर मिट्टी बोल्डर और बालू ढुलाई में लगे हुए हैं। नाम न छापने की शर्त पर कई ग्रामीणों ने बताया बीजपुर तथा आसपास स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकानों में भी कृषि कार्य में पास ट्रैक्टरों से दिनभर बाजार तथा स्कूल के रास्ते से बगैर सुरक्षा मानक के सरिया, सीमेंट, बालू-मिट्टी लेकर गुजरते हैं। इनमें से कई के पास लाइसेंस, इंश्योरेंस और फिटनेस के कोई कागजात नहीं है।आए दिन ट्रॉली पलटने अथवा मकान-दीवार से रगड़ खाने की घटनाएं आम हो गयी हैं। इसके बावजूद लापरवाही के कारण बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार से संचालित ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से सड़कें भी खराब हो रही हैं तो स्कूली बच्चों के समय मुख्य बाजार में इनके गुजरने से जाम और सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग किया है कि कृषिकार्य के लिए पास ट्रैक्टरों की जांच कर व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाई जाए । लोगों ने कहा कि बिना कागजात और लाइसेंस के चल रहे ऐसे वाहनों पर जुर्माना व सीज की कार्रवाई भी होनी चाहिए।इस संबंध में एआरटीओ सोनभद्र से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टर का व्यावसायिक उपयोग मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है।शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी । लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो इस गम्भीर समस्या को लेकर एसडीएम दुद्धी को ज्ञापन भी दिया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम भी किया जाएगा।




