Sonbhadra News : सीएम शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा.........

शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना का शिक्षकों को प्रमाण वितरित करते डीएम चर्चित गोंड व अन्य....
sonbhadra
2:29 PM, July 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग एवं स्टेशनरी के लिए प्रति छात्र-छात्रा 1200 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ एमओयू भी किया गया।
जनपद सोनभद्र में इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने देखा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के लाभार्थी शिक्षकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार शिक्षकों के कल्याण से जुड़ी योजनाएं संचालित कर रही है।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने भी योजना की जानकारी देते हुए शिक्षकों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।




