Sonbhadra news : कुरुहुल माइनर की सफाई बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, जान जोखिम में डालकर चल रहे स्कूली बच्चे और ग्रामीण
यह तस्वीर किसी खेत की नहीं बल्कि रॉबर्ट्सगंज ब्लाॅक के कुरुहुल माइनर की है। सफाई के दौरान कैनाल विभाग की लापरवाही के चलते यह सड़क कीचड़ युक्त हो गया।

sonbhadra
10:25 AM, August 7, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। यह तस्वीर किसी खेत की नहीं बल्कि रॉबर्ट्सगंज ब्लाॅक के कुरुहुल माइनर की है। सफाई के दौरान कैनाल विभाग की लापरवाही के चलते यह सड़क कीचड़ युक्त हो गया। अब आलम यह है कि लोगों को हर रोज जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि विभाग द्वारा सड़क का पानी बह कर नहर में न जाय इसके लिए मिट्टी का ब्रेकर (डाबला) बना दिया गया । अब यही मिट्टी का अवरोध सड़क पर फैल कर लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।
ग्रामीणों की माने तो यह पुरानी सड़क करीब दस गांवों के हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। जिस पर हर रोज ग्रामीणों के अलावा स्कूल बस तथा स्कूली बच्चे पैदल जाते है। लोगों ने बताया कि मिट्टी फैलकर इतना कीचड़ कर दिया है कि साइकिल सवार के अलावा राहगीर आये दिन फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा फजीहत स्कूली बच्चों का है, जिनका ड्रेस खराब हो जा रहा।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि कैनाल विभाग सफाई कार्य के बाद पानी निकासी की समुचित व्यवस्था कर देता तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल डाबला हटाकर पानी की निकासी सुनिश्चित करने, सड़क से कीचड़ हटाने तथा क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
उक्त संबंध में बलुईबंधी के जेई संजय विश्वकर्मा से फोन पर बताया कि मौसम खराब होने के कारण जगह-जगह जल जमाव है और गड्ढे हैं, मौसम खुल जाने के बाद गड्ढों में जेएसबी डाली जाएगी और जो मिट्टी का डाबला बना हुआ है उसको काटकर जगह-जगह पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी।




