Sonbhadra news : कक्षा 8 की छात्रा बनी एक दिन का प्रतीकात्मक थाना प्रभारी
बीपीआरडी पब्लिक स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा कुमारी आराधना को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक थाना प्रभारी बनाया गया।

sonbhadra
4:20 PM, September 30, 2025
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
जुगैल सोनभद्र। सोनभद्र पुलिस ने 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के तहत नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक अनूठी पहल की है। जनपद के जुगैल थाने में बीपीआरडी पब्लिक स्कूल की कक्षा 8 की छात्रा कुमारी आराधना को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक थाना प्रभारी बनाया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। इसी कड़ी में सोनभद्र पुलिस ने यह कार्यक्रम आयोजित किया।
थाना प्रभारी के रूप में कुमारी आराधना ने पुलिसिंग के कार्यों को करीब से समझा। उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनीं, महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया और महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए।
इस पहल ने यह साबित किया कि बेटियाँ नेतृत्व करने में पूरी तरह सक्षम हैं। यह कार्यक्रम उनके आत्मबल, निर्णय क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। जुगैल थाना प्रभारी नागेश सिंह के नेतृत्व में यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनपद पुलिस का संदेश है: 'सशक्त नारी, सुरक्षित समाज'।




