Sonbhadra News : महिला आरक्षण पर घमासान, सांसद आवास घेरने निकलीं भाजपा महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में रोका
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को चौथे और अंतिम दिन और भी तीखा दिखाई दिया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों.....

सांसद आवास के बाहर नारेबाजी करती भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्तागण.....
sonbhadra
6:17 PM, May 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को चौथे और अंतिम दिन और भी तीखा दिखाई दिया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने चुर्क-मुसही स्थित सांसद आवास की ओर कूच कर जोरदार नारेबाजी की। हालांकि सांसद आवास पहुंचने से पहले ही पुलिस ने महिला कार्यकर्ताओं को रोक दिया और समझा-बुझाकर वापस लौटा दिया। हालांकि महिला कार्यकर्ताओं ने सांसद आवास से थोड़ा पहले ही सांकेतिक रूप से घेराव कर नारेबाजी करते हुए वापस धरना स्थल पर लौट आई। धरना के दौरान महिलाओं ने '33 प्रतिशत आरक्षण हमारा अधिकार है' और 'नारी शक्ति का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' जैसे नारों से माहौल गरमा दिया।
बताते चलें कि भाजपा महिला कार्यकर्ता 'नारी शक्ति वंदन महिला आक्रोश अभियान' के तहत सांसद द्वारा महिला आरक्षण बिल के विरोध को महिलाओं के सम्मान पर हमला बताते हुए पिछले चार दिनों से लगातार धरनारत हैं।
वहीं कार्यक्रम की अगुवाई कर रही भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह ने कहा कि "केंद्र सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ऐतिहासिक महिला आरक्षण कानून लागू किया है, लेकिन विपक्षी दल लगातार इसका विरोध कर महिलाओं की भावनाओं को आहत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, वे महिलाओं की भागीदारी और प्रगति नहीं देखना चाहते।"
मुख्यवक्ता के रूप में मौजूद भाजपा जिला महामंत्री शारदा खरवार ने कहा कि "महिलाओं ने मुसही बाजार में पैदल मार्च निकालकर सांसद आवास का घेराव करने का प्रयास किया और यह स्पष्ट संदेश दिया कि अब नारी शक्ति अपने अधिकारों के लिए पीछे हटने वाली नहीं है। उन्होंने कहा, “नारीशक्ति ने ठाना है, 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर रहेंगे। महिला आरक्षण का विरोध कर सांसद ने जनपद की महिलाओं का अपमान किया है, जिसका जवाब महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से देंगी।”
जिला उपाध्यक्ष मीनू चौबे एवं जिला महामंत्री गुड़िया त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से कहा कि "महिला आरक्षण कानून महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों ने महिलाओं के हक और सम्मान के खिलाफ खड़े होकर अपनी मानसिकता उजागर की है।"
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सांसद आवास की ओर बढ़ रही महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बीच रास्ते में रोककर समझाया और स्थिति को शांत कराया, इसके पश्चात महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए वापस लौट गईं।
धरना-प्रदर्शन में लोकसभा संयोजक अजीत रावत, सह मीडिया प्रभारी अमन वर्मा, सभासद ममता गुप्ता, रीतु अग्रहरी, वंदना चौबे, अंजना सिंह, किरन सिंह, सविता सिंह, संध्या पाण्डेय, माया देवी, अनिता देवी, सुनिता पटेल, राधिका भारती, आशा भारती, रंभा देवी, जगवंती देवी, राधा सिंह, अनिता यादव, सुनिता भारती सहित बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं।




