Sonbhadra News : त्यौहारों के अवसर पर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सीआईएसएफ ने चलाया जागरूकता अभियान
छात्रों को आग लगने के कारणों, आग बुझाने के आधुनिक उपकरणों, फायर एक्सटिंग्विशर के प्रकारों एवं उनके उपयोग तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकास के तरीकों के बारे में प्रायोगिक रूप से जानकारी दी गई।

sonbhadra
3:56 PM, November 2, 2026
संजय भारती (संवाददाता)
० दीपावली के अवसर पर अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
शक्तिनगर (सोनभद्र)। इस कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 694 छात्र-छात्राओं और 18 शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कमांडेंट, सीआईएसएफ विवेक आर्य के दिशा-निर्देशन में सहायक कमांडेंट/अग्नि श्री तरुण दत्ता, कंपनी कमांडर/अग्नि अजीत आनंद एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को आग लगने के कारणों, आग बुझाने के आधुनिक उपकरणों, फायर एक्सटिंग्विशर के प्रकारों एवं उनके उपयोग तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकास के तरीकों के बारे में प्रायोगिक रूप से जानकारी दी गई। छात्रों के समक्ष विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों का प्रदर्शन किया गया एवं आगामी त्योहारों के दौरान पटाखे छोड़ते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद कुंवर ने सीआईएसएफ फायर विंग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ती है।




