Sonbhadra News : चोपन पुलिस ने किया चोरी खुलासा, 2 शातिर चोर गिरफ्तार
चोपन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का शत-प्रतिशत सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है ।

sonbhadra
6:12 PM, April 8, 2026
घनश्याम पाण्डेय/एम शर्मा (संवाददाता)
०जेवरात, नकदी, मोबाइल समेत भारी सामान बरामद, एक आरोपी के पास से 1.25 किलो गांजा भी बरामद
चोपन/डाला (सोनभद्र)। चोपन पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का शत-प्रतिशत सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है, साथ ही एक आरोपी के पास से अवैध गांजा भी मिला है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चोपन के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए 8 अप्रैल 2026 को तड़के करीब 1:05 बजे रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के उत्तरी छोर, बारी डाला क्षेत्र से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल गुप्ता (23 वर्ष) निवासी डिबुलगंज थाना अनपरा तथा हनुमान बंसल (35 वर्ष) निवासी मलीन बस्ती डाला थाना चोपन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—
एक जोड़ा झुमका, एक नथिया और मंगलसूत्र का लॉकेट
सफेद धातु के चार जोड़ा पायल
दो जोड़ा बिछिया और एक जोड़ा चूड़ी
एक आधार कार्ड
कुल सात मोबाइल फोन
गांजा भी हुआ बरामद
मुख्य आरोपी अनिल गुप्ता के पास से चोरी के सामान के अलावा 1 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा भी बरामद किया गया। इस मामले में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं—
मु0अ0सं0 126/2026 धारा 305(a), 317(2) बीएनएस थाना चोपन
मु0अ0सं0 127/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट थाना चोपन
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी (चौकी प्रभारी डाला) सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही। टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए घटना का खुलासा किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का संबंध अन्य चोरी की घटनाओं से तो नहीं है।
चोपन पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्ती का संदेश गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।



