Sonbhadra News : रामनवमी पर भगवामय हुआ चोपन, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को चोपन नगर पूरी तरह भगवामय हो गया। स्थानीय रामभक्तों के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई ।

sonbhadra
6:56 PM, March 27, 2026
घनश्याम पांडे/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को चोपन नगर पूरी तरह भगवामय हो गया। स्थानीय रामभक्तों के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आस्था, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा का शुभारंभ नगर के कैलाश मंदिर पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। यात्रा में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण एवं संकटमोचन हनुमान की सजीव एवं मनमोहक झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। डीजे पर बज रहे राम भजनों और “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। शोभायात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई। पूरे मार्ग को भगवा ध्वजों से भव्य रूप से सजाया गया था। जगह-जगह स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत, फल एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर के आर्य समाज मोड़ पर सामाजिक संगठनों द्वारा जलपान की विशेष व्यवस्था की गई थी,सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चोपन थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। संवेदनशील चौराहों एवं प्रमुख स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रही, जिससे यातायात सुचारू बना रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।शोभायात्रा में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं एवं बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए भगवान श्री राम की भक्ति में लीन नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जिसने चोपन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता की सुंदर मिसाल पेश की। इस मौके पर रामनवमी शोभायात्रा के अध्यक्ष धर्मेश जैन,सुरेश जायसवाल,जितेंद्र जायसवाल,सुनील सिंह,राजन जायसवाल,मंडल अध्यक्ष संजय केशरी,राहुल सिंह,सत्यप्रकाश तिवारी,अजय सिंह,अजय पांडा,मनीष सिंह,घनश्याम चौधरी,नरेश यादव,अंकित पांडेय,नागेन्द्र यादव,विनीत जाटव,दिव्यविकास सिंह,अनिल जायसवाल इत्यादि लोग उपस्थित रहे।



