Sonbhadra News : बाल पोषण माह का शुभारंभ, 3.07 लाख बच्चों को मिलेगी विटामिन-ए की खुराक
जिले में बच्चों को कुपोषण और विटामिन-ए की कमी से बचाने के उद्देश्य से बुधवार को बाल पोषण माह अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
12:31 PM, June 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सीएमओ ने बच्चों को विटामिन-ए पिलाकर अभियान की शुरुआत की
सोनभद्र । जिले में बच्चों को कुपोषण और विटामिन-ए की कमी से बचाने के उद्देश्य से बुधवार को बाल पोषण माह अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रॉबर्ट्सगंज में नौ माह की वानी, पांच वर्ष के शौर्य, तीन वर्ष की सृष्टि और चार वर्ष की पीहू को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
पूरे माह चलाया जायेगा अभियान -
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह विशेष अभियान पूरे माह जिले भर में चलाया जाएगा। अभियान के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक की आयु के 3.07 लाख से अधिक बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें नौ से 12 माह आयु वर्ग के 56,615 तथा एक से पांच वर्ष तक के लगभग 2.50 लाख बच्चे शामिल हैं।
कुपोषण से बचाव में कारगर है विटामिन 'ए' -
सीएमओ डॉ0 रमेश कुमार मिश्रा ने कहा कि "विटामिन-ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखने और शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि मानव शरीर स्वयं विटामिन-ए का निर्माण नहीं कर सकता, इसलिए विटामिन-ए युक्त खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल करना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय पर स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर विटामिन-ए की खुराक अवश्य दिलाएं।"
हर छह माह पर दी जाती है खुराक -
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ0 गिरधारी लाल ने बताया कि "नौ से 12 माह के बच्चों को एमआर (मीजल्स-रूबेला) के प्रथम टीके के साथ विटामिन-ए की पहली खुराक दी जाती है। वहीं 16 से 24 माह के बच्चों को एमआर के दूसरे टीके के साथ दूसरी खुराक दी जाती है। इसके बाद दो से पांच वर्ष तक के बच्चों को प्रत्येक छह माह के अंतराल पर विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाती है, जिससे उनमें कुपोषण और गंभीर बीमारियों का खतरा कम हो सके।"
ये रहे मौजूद -
अभियान के शुभारंभ अवसर पर एसीएमओ डॉ0 प्रेमनाथ, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. जे.बी. सिंह, मनोज कुमार, नरेश, वर्तिका पांडेय, चंद्रकला सिंह, एएनएम जैबुननिशा, एलटी चरणजीत सिंह, सरोज कुमार, ज्ञान नारायण, कृष्णानंद चौबे, आशा कार्यकर्ता रेखा कुमारी, सरला, बिंदु, अनुराधा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




