Sonbhadra News : ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल बालक की इलाज के दौरान मौत
चुर्क चौकी क्षेत्र के अंतर्गत वार गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार के दौरान मौत हो गई।

sonbhadra
6:35 PM, June 5, 2026
दिलीप श्रीवास्तव/प्रकाश खत्री (संवाददाता)
चुर्क (सोनभद्र) । चुर्क चौकी क्षेत्र के अंतर्गत वार गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार वार गांव निवासी प्रियांशु (10) पुत्र रामबली प्रजापति गुरूवार को शाम घर से वार गांव के छपका टोला के पास आम लेने लिए जा रहा था। इसी दौरान वार की तरफ से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया था। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लोढ़ी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । उधर हादसे की सूचना पर चुर्क चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी । शुक्रवार को बच्चे का पोस्टमार्टम वाराणसी में कराया जा रहा है।




