Sonbhadra news : मुख्यमंत्री जन आरोग्य शिविर आयोजित, 37 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलखन में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 37 महिला, पुरुष एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

sonbhadra
5:02 PM, June 7, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी, (सोनभद्र)। रॉबर्ट्सगंज विकास खंड के अंतर्गत स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलखन में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 37 महिला, पुरुष एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना रहा। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच की गई तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मरीजों का हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, एचआईवी, टाइफाइड और मलेरिया सहित विभिन्न जांचें की गईं। जांच में कई मरीज मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, मलेरिया और टाइफाइड से प्रभावित पाए गए।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर उपचार और सही चिकित्सकीय सलाह मिल रही है, जिससे वे अप्रमाणित चिकित्सकों के चंगुल में फंसने से बच रहे हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ी है और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिल रही है।
कार्यक्रम में फार्मासिस्ट राकेश सिंह राणा, लैब टेक्नीशियन मनीष राय, एएनएम सुनीता विश्वकर्मा, सितारा देवी, स्वास्थ्यकर्मी राजेश कुमार तथा दाई सोमरी देवी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।




