Sonbhadra News : मोदी और बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार- संजय सिंह
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जिस क्षेत्र में जितने वोट जोड़ने को कहते हैं उतने वोट ज्ञानेश कुमार द्वारा जोड़ दिए जाते हैं साथ ही जितने वोट काटने को कहते हैं उतने वोट काट दिए जाते हैं ।

sonbhadra
6:33 PM, October 13, 2026
- ० आप सांसद बोले- वैलेट पेपर से हो चुनाव
- यूपी में योगी सरकार स्कूल बन्द कर लोगों को शिक्षा से वंचित कर रहे
शांतनु कुमार
सोनभद्र । देश में वोट चोरी का मुद्दा अत्यंत गंभीर है l मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पूरे देश में 13 करोड़ 37 लाख वोट काटे हैं जिनका सीधा फ़ायदा भारतीय जनता पार्टी को हुआ है l
उक्त बातें आप नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जनपद के घोरावल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करकी माइनर में मंगलवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों द्वारा उठायी गई बातें भी बहुत गंभीर प्रकृति की हैं । आप नेता ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सभी व्यवस्थाओं का केंद्रीयकरण कर दिया है तथा मोदी और भाजपा के सुविधानुसार चुनावी व्यवस्थाएं संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जिस क्षेत्र में जितने वोट जोड़ने को कहते हैं उतने वोट ज्ञानेश कुमार द्वारा जोड़ दिए जाते हैं साथ ही जितने वोट काटने को कहते हैं उतने वोट काट दिए जाते हैं । संजय सिंह ने कहा कि अब एसडीएम के पास वोट काटने और जोड़ने का कोई अधिकार नहीं रहेगा । उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 13 लाख वोट किसके और कहाँ से जुड़ गए इसका कुछ पता नहीं है । उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलनों का आयोजन कर रही है उसी क्रम में सोनभद्र में आये हैं । श्री सिंह ने कहा कि सम्मेलनों का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और देश की सरकारों को संदेश देना है।
संजय सिंह ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी एक उदाहरण दिया था कि एक ही आदमी के वोट दस स्थानों पर जुड़े हुए हैं, इस प्रकार की गंभीर अनियमितताएं की गई हैं l उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के एक विधानसभा क्षेत्र में रेशमा नामक महिला की तरफ़ से 188 वोट काटे जाने का आवेदन दिया गया है जबकि जाँच पड़ताल में उक्त महिला का कोई पता नहीं चल रहा है । उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ही फर्जी नामों से वोट काटने का आवेदन दे रहे हैं । आप नेता ने कहा कि इस प्रकार की अनियमितताएं केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत की जा रही हैं इसलिए ज्ञानेश कुमार को जेल भेजना आवश्यक है l उन्होंने कहा कि घपले से हुए देश भर के चुनावों को रद्द किया जाना चाहिये तथा देश भर में बैलेट से चुनाव कराये जाँय । साथ ही माँग की कि चुनाव आयुक्तों की चयन प्रक्रिया निष्पक्ष हो l उन्होंने कहा कि यदि चयन प्रक्रिया सरकार के ही अधीन होगी तो निष्पक्षता संभव नहीं होगी l
आप सांसद ने योगी सरकार को निशाना बनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी ने 26000 स्कूल विलय करने के नाम पर बंद कर दिये जिससे बंद हुए विद्यालयों के भवन दारू पीने का अड्डा बन गये हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा आम आदमी पार्टी की प्राथमिकता है l उन्होंने कहा कि योगी और मोदी का नारा है कि अनपढ़ रहेगा इंडिया तभी अंधभक्त बनेगा इंडिया । उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था के संबंध में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पतालों में मोमबत्ती की रोशनी में आपरेशन हो रहे हैं l कहा की अस्पतालों की हालत खस्ता है l
आप नेता संजय सिंह ने कहा कि विंध्य एक्सप्रेस-वे के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन औने-पौने दाम पर लिया जा रहा है, उन्होंने कहा कि इसके लिए आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा ।
वहीं यूपीआई पर लगने वाले एमडीआर चार्ज को दीपावली तक टाले जाने पर चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार ने अपनी फजीहत टाल दी है।




