Sonbhadra News : ओबरा में छठ घाट बना आकर्षण का केंद्र, व्यापक व्यवस्था के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम
एएसपी मेविस टाक ने बताया कि छठ घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी छह से आठ घंटे की शिफ्ट में लगाई गई है, ताकि सभी जवान पूरी सक्रियता से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।

sonbhadra
7:26 PM, November 14, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद) । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सोनभद्र के ओबरा के रेणुका नदी तट पर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सूर्योपासना के इस चार दिवसीय महापर्व पर इस बार करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन पिछले एक महीने से घाट और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा है। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। छठ घाट की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एएसपी मेविस टाक और सीओ प्रभात राय ने पुलिस बल के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग, यातायात, बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। एएसपी मेविस टाक ने बताया कि छठ घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी छह से आठ घंटे की शिफ्ट में लगाई गई है, ताकि सभी जवान पूरी सक्रियता से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। भीड़ का लगातार आकलन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। सुरक्षा के लिए पीएसी की मांग की गई है, जबकि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी स्तर से पत्राचार किया गया है। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती रहेगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य मार्ग पर करीब 900 मीटर सीसी सड़क का निर्माण कराया गया है। प्रकाश, पेयजल, पंडाल और महिलाओं के बैठने एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। बारिश और ओस से बचाव के लिए पंडालों पर पॉलिथीन लगाई गई है। उन्होंने बताया कि करीब तीन से चार हजार छठ व्रती माताओं के साथ उनके परिजनों और मेले में आने वाले लोगों को मिलाकर लगभग 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा के लिए नाविकों, गोताखोरों, फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था भी की जा रही है।
आनंद जायसवाल सभासद प्रतिनिधि ने नगर पंचायत की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी मारेडुका छठ घाट पर छठ महापर्व को लेकर भव्य एवं दिव्य तैयारियां की जा रही हैं। दशहरा के बाद से ही घाट तक पहुंचने वाले मार्गों को दुरुस्त करने का कार्य कराया गया है। पिछले वर्ष अत्यधिक बारिश के कारण श्रद्धालुओं को कीचड़ और जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा था। इस बार ऐसी परेशानियों से निजात दिलाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। नदी में फिलहाल पानी कम होने के कारण श्रद्धालुओं के स्नान को लेकर डैम के संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई है। आज शाम पानी छोड़े जाने की व्यवस्था है, ताकि छठ व्रतियों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। अनुमान है कि आसपास के क्षेत्रों और ओबरा सहित विभिन्न इलाकों से लगभग एक लाख श्रद्धालु छठ महापर्व में पहुंचेंगे। इसे देखते हुए नगर पंचायत द्वारा अलग-अलग फोर व्हीलर और टू व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बैरिकेडिंग भी कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ टेंट, एनडीआरएफ टीम, स्वास्थ्य विभाग, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। पिछले वर्ष छठ पूजा के लिए लगभग 20 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। इस वर्ष भी उसी के अनुरूप व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त खर्च के लिए बजट बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है। नगर पंचायत का प्रयास है कि छठ महापर्व पर आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भव्य तरीके से संपन्न हो। इसके अलावा सामाजिक संगठनों की ओर से पूरी रात चाय, नाश्ता और प्रसाद वितरण किया जाएगा। नगर पंचायत और पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि आस्था के इस महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराया जाए।




