Sonbhadra News : उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, घाट पहुंचीं व्रती महिलाएं
भोर से ही घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। व्रती महिलाएं सोलह श्रृंगार में सूप, दौरा, ठेकुआ, फल, गन्ना और नारियल लेकर कमर तक पानी में खड़ी होकर सूर्योदय की प्रतीक्षा करती रहीं।

sonbhadra
11:16 AM, November 16, 2026
एम शर्मा.(संवाददाता)
डाला (सोनभद्र) । लोक आस्था के महापर्व छठ का सोमवार सुबह अर्ध्य देने के साथ समापन हो गया। डाला क्षेत्र अंतर्गत डाला नयी बस्ती कुरदहवा नाला, काली मंदिर, डाला बाड़ी, मलिन बस्ती स्थित हनुमान मंदिर, डाला चढ़ाई और कोटा ग्राम पंचायत अंतर्गत कोटा खास व गुरमुरा छठ घाट पर व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद उगते सूरज को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया।
भोर से ही घाट पर श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। व्रती महिलाएं सोलह श्रृंगार में सूप, दौरा, ठेकुआ, फल, गन्ना और नारियल लेकर कमर तक पानी में खड़ी होकर सूर्योदय की प्रतीक्षा करती रहीं। जैसे ही सूर्य की पहली किरण निकली, महिलाओं ने दूध और गंगाजल से उगते सूरज को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से संतान की लंबी आयु, पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अर्घ्य के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिन्दूर लगाया, प्रसाद बांटा और अदरक व पानी पीकर व्रत का पारण किया। इस दौरान पूरा घाट "जय छठी मैया" के जयकारों और छठ गीतों से गूंज उठा।
विभिन्न छठ घाट पर व्रती महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। चेंजिंग रूम, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था नगर पंचायत ग्राम पंचायत व आयोजक टीम ने संभाली। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस तैनात रही।
नगर पंचायत अध्यक्षा फुलवंती कुमारी व कोटा ग्राम पंचायत के प्रधान प्रहलाद चेरो क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर भ्रमणशील रहे। वहीं गुरमुरा छठ घाट पर कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के अध्यक्ष सोनू जायसवाल, उपाध्यक्ष अशोक गौड़, उज्जवल पटेल, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, संचालक रिकी सिंह चंदेल, संयोजक सूरज अग्रहरि, संरक्षक अजीत केसरी, संगठन मंत्री श्रवण गुप्ता, मनीष पनिका, मंत्री गौतम पनिका, मुख्य सचिव विवेक जायसवाल, सचिव संत कुमार गोंड और मीडिया प्रभारी शिवम कुमार गोंड ने सभी व्रती महिलाओं, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।




