Sonbhadra News : दुद्धी, चतरा व कोन सहित कई खंड विकास अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव, देखें आदेश सूची.....
जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने छह खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और संयुक्त खंड विकास अधिकारी के स्थानांतरण का आदेश जारी कर दिया है।

sonbhadra
8:04 PM, July 24, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र। जनहित और कार्यहित को ध्यान में रखते हुए जिले में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) जागृति अवस्थी ने छह खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और संयुक्त खंड विकास अधिकारी के स्थानांतरण का आदेश जारी कर दिया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
चतरा, बभनी और दुद्धी के बीडीओ बदले-
जारी सूची के अनुसार, चतरा में तैनात खंड विकास अधिकारी रूपेश कुमार मंडल को बभनी भेजा गया है, जबकि बभनी के बीडीओ उत्कर्ष सक्सेना को चतरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह दुद्धी के बीडीओ राम विशाल चौरसिया का तबादला म्योरपुर किया गया है, और म्योरपुर में तैनात दिनेश कुमार मिश्र को कोन विकास खंड की जिम्मेदारी दी गई है। कोन के बीडीओ डॉ. जितेन्द्र नाथ दुबे को अब दुद्धी विकास खंड भेजा गया है। इसके अलावा जिला विकास कार्यालय (जि०वि०का०) में संबद्ध सांख्यिकी खंड विकास अधिकारी रामखेलावन राम को चोपन विकास खंड में तैनात किया गया है।
तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश-
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे बिना किसी देरी के अपने नए विकास खंड में जाकर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें।




