Sonbhadra news : सत्य-अहिंसा के संदेश के साथ जिला कारागार में मनी गांधी जयंती
जिला कारागार गुरमा के प्रांगण में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

sonbhadra
3:24 PM, October 2, 2026
- महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों पर चलने का दिया संदेश, विशेष परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था का किया अभ्यास
राकेश चौबे
मारकुंडी, (सोनभद्र)। जिला कारागार गुरमा के प्रांगण में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कारागार अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने सत्य, अहिंसा, सामाजिक न्याय, सादगी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मासिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत विशेष परिस्थितियों में जेल की सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास भी कराया गया। अधीक्षक द्वारा घंटी एवं सायरन बजाकर बंदियों की गिनती कराने तथा सभी बैरकों को सुरक्षित किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जेल प्रशासन के अनुसार सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस प्रकार की जानकारी एवं अभ्यास प्रत्येक माह कराया जाता है, ताकि किसी भी विशेष परिस्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
कार्यक्रम में जिला कारागार के समस्त बंदीरक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।




